कोरबा पावर लिमिटेड में विश्व पर्यावरण सप्ताह का शुभारंभ, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधरोपण

      Date:

      • 15 जून तक 1500 पौधे लगाने का लक्ष्य, क्विज, चित्रकला एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया जाएगा संदेश

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अदानी कोरबा पावर लिमिटेड (केपीएल) में विश्व पर्यावरण सप्ताह-2026 का शुभारंभ ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के साथ किया गया। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत प्लांट परिसर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया तथा कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

          अदानी कोरबा पावर लिमिटेड

          इस वर्ष विश्व पर्यावरण सप्ताह की थीम ‘‘प्रकृति से प्रेरित जलवायु संरक्षण — हमारे भविष्य के लिए’’ निर्धारित की गई है। कार्यक्रम का आयोजन केपीएल के चीफ बिजनेस ऑफिसर समीर कुमार मित्रा तथा अदानी पावर के पर्यावरण एवं फॉरेस्ट प्रमुख आर.एन. शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सी.वी.के. प्रसाद, ओएंडएम हेड मूल रवि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। केपीएल द्वारा 5 जून से 15 जून तक विश्व पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण को लेकर विभिन्न जागरूकता एवं सहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सप्ताह का उद्घाटन सर्विस बिल्डिंग कार पार्किंग क्षेत्र में किया गया, जिसमें कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

          पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व

          परियोजना प्रमुख सी.वी.के. प्रसाद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव संभव है। ओएंडएम हेड मूल रवि ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चिंता का विषय बन चुका है। ऐसे में उद्योगों, संस्थानों और आम नागरिकों को मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि सप्ताहभर आयोजित गतिविधियां कर्मचारियों, उनके परिवारों एवं स्थानीय समुदाय में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

          पर्यावरण विषयक क्विज प्रतियोगिता आयोजित

          विश्व पर्यावरण सप्ताह के दौरान 6, 9 एवं 15 जून को सामूहिक पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत करीब 1500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा 8 जून को संविदा श्रमिकों, पर्यवेक्षकों एवं गैर-कार्यकारी कर्मचारियों के लिए पर्यावरण विषयक क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। 10 जून को कॉलोनी के बच्चों के लिए ‘‘सेव क्लाइमेट, सेव फ्यूचर’’ विषय पर चित्रकला एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं 12 जून को महिलाओं के लिए पर्यावरण जागरूकता क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। सप्ताह का समापन 15 जून को समारोहपूर्वक किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विभाग द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में पर्यावरण विभाग के आलोक मिश्रा, उद्यान विभाग के कंवर पाल मलिक तथा सुरक्षा विभाग के सदानंद पांडा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related