विश्व पर्यावरण दिवस : कोरबा में निकली प्रथम ईव्ही जागरूकता रैली ड्राईव फार अर्थ का भव्य आयोजन

      Date:

          विश्व पर्यावरण दिवस

          • महापौर संजूदेवी राजपूत एवं राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर की अगुवाई में निकली रैली, कलेक्टर ने हरी झण्डी दिखाकर रैली को किया रवाना 

          • पर्यावरण का संरक्षण, ऊर्जा की बचत, अधिकाधिक वृक्षारोपण, सोलर एनर्जी का उपयोग, किये जाने का आम लोगों तक पहुंचाया गया संदेश

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा छत्तीसगढ़ की पहली इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) जागरूकता रैली ‘ड्राइव फॉर अर्थ’ का भव्य आयोजन किया गया। महापौर संजूदेवी राजपूत और छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर के नेतृत्व में निकली इस रैली को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

          विश्व पर्यावरण दिवस

          घंटाघर ओपन थिएटर से शुरू हुई रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा एवं ईंधन बचत, अधिकाधिक वृक्षारोपण, वृक्षों के संरक्षण तथा सोलर एनर्जी के उपयोग का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। रैली में निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, अशोक चावलानी सहित जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर ई-स्कूटी, ई-बाइक और ई-कार के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

          पर्यावरण संरक्षण के लिए निगम प्रतिबद्ध

          कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि नगर निगम पर्यावरण संरक्षण की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है। आगामी वर्षा ऋतु में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से घरों में सोलर पैनल लगाने और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए भी सौर ऊर्जा के उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगर होने के कारण कोरबा में प्रदूषण की चुनौती है, जिससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

          सघन वृक्षारोपण अभियान सराहनीय

          राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण और वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम द्वारा मानसून में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने की योजना सराहनीय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश के सबसे अधिक वनाच्छादित राज्यों में शामिल है और इस प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है।

          वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं : नूतन सिंह ठाकुर

          निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के आभूषण हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने ‘गुठली दान अभियान’ का उल्लेख करते हुए बताया कि बड़ी संख्या में नागरिकों ने बीज और गुठलियां संरक्षित कर रखी हैं, जिन्हें वर्षा ऋतु में रोपित किया जाएगा।

          हर नागरिक लगाए एक पौधा : कलेक्टर

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी उतना ही जरूरी है। निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाया जाएगा। निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने और सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि निगम मानसून में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाकर वार्डों को हरित बनाने की दिशा में कार्य करेगा।

          अतिथियों ने किया वृक्षारोपण

          कार्यक्रम के समापन पर महापौर, युवा आयोग अध्यक्ष, कलेक्टर, आयुक्त एवं अन्य अतिथियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार परिसर में वृक्षारोपण किया। इस दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं को पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण में उनकी भागीदारी का आह्वान किया गया, वहीं निगम कर्मचारियों को हेलमेट भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन एवं नागरिक उपस्थित रहे।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related