पूर्ण पारदर्शिता के साथ मेरिट के आधार पर शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराने अधिकारियों को किया निर्देशित
मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहेगा कोई विद्यालय, अधोसंरचना सुधार हेतु प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों को लेकर कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता, अधोसंरचना विकास और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने 16 जून को जिले के सभी विद्यालयों में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत, विद्यालय परिसरों की साफ-सफाई, पौधरोपण तथा गणवेश एवं पाठ्यपुस्तकों के समय पर वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पंचायतों एवं आमजन के सहयोग से न्योता भोज का आयोजन कर इसे जनउत्सव के रूप में मनाने पर जोर दिया। बैठक में विद्यालयों में शिक्षकों की कमी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विषयवार अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता एवं मेरिट के आधार पर संपन्न कराई जाए ताकि योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके। शैक्षणिक अधोसंरचना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जर्जर एवं अति जर्जर विद्यालय भवनों का अद्यतन विवरण प्रस्तुत करने तथा पेयजल, विद्युत और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित विद्यालयों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी विद्यालय बुनियादी सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए और इस दिशा में मिशन मोड में कार्य किया जाए।
बैठक में सड़क सुरक्षा एवं नशामुक्ति अभियान को भी विद्यालय स्तर पर नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पेंटिंग, निबंध, क्विज और रंगोली जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा इसके लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
आधार संबंधी त्रुटियों का समय पर निराकरण करने के निर्देश
कलेक्टर ने विद्यार्थियों की अपार आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आधार संबंधी त्रुटियों का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय खुलने के साथ ही यू-डाइस पोर्टल में विद्यार्थियों का डाटा नियमित रूप से अपडेट करने और बायोमेट्रिक अपडेट कार्य को प्राथमिकता देने को कहा। बैठक में ड्रॉपआउट एवं शाला त्यागी बच्चों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग करने तथा उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को जिले में ड्रॉपआउट बच्चों की संख्या शून्य करने के लक्ष्य के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों को अपने आसपास के असाक्षर लोगों को साक्षरता अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर कलेक्टर सख्त, अधिकारियों को नोटिस और ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

