कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आमजनों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकरण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में भूमि एवं राजस्व विवाद, वनाधिकार पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि भुगतान, पीएम किसान सम्मान निधि, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड, सीमांकन, खाता विभाजन, विद्युत व्यवस्था में सुधार तथा पेयजल आपूर्ति सहित विभिन्न विषयों से संबंधित कुल 154 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र कुमार पटेल एवं ओंकार यादव, डिप्टी कलेक्टर टी.आर. भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी समस्याएं, त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


