कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) पुनर्परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन संबंधी तैयारियों और परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले और निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरे, अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, निर्बाध बिजली आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही परीक्षा की गोपनीयता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए सहज और व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर संदिग्ध गतिविधियों, अनाधिकृत प्रवेश या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।
सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी और प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सरोज महिलांगे, तहसीलदार, संबंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि 21 जून 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के लिए जिले में 4 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें शासकीय ईवी पीजी कॉलेज कोरबा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा और ईएमआरएस छुरीकला शामिल हैं। इस परीक्षा में जिले के कुल 1765 परीक्षार्थी शामिल होंगे।


