रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना जरूरी है। मुख्यमंत्री यह बात सूरजपुर प्रवास के दौरान नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के शपथ ग्रहण समारोह में कही।

मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए जनसेवा और विकास के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिससे अब सुनियोजित विकास का रास्ता खुलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नगर पंचायत शिवनंदनपुर के वार्ड क्रमांक 6 में सुसज्जित मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि वे जनता और शासन के बीच मजबूत सेतु बनकर जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अपनी भूमिका निभाएं। साथ ही नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और कॉल सेंटर के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक भूलन सिंह मरावी, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्रियों ने भी विकास को बताया नई दिशा
कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि शिवनंदनपुर के नगर पंचायत बनने से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच के कारण यह क्षेत्र अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है और नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं मिलेंगी। शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी और जागरूकता स्टॉलों का निरीक्षण किया। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल पर दो दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल वितरित की गई, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन हितग्राहियों को नए मकानों की चाबियां सौंपी गईं।
महिलाओं और बच्चों के पोषण कार्यक्रमों की सराहना
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर बच्चों के पोषण आहार से जुड़े उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने इसकी सराहना करते हुए तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। साथ ही महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं से संवाद कर योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी ली। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मत्स्य पालन योजना के तहत हितग्राहियों को आइस बॉक्स और आर्थिक सहायता प्रदान की। वहीं सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को वय वंदन कार्ड और आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।
जनजातीय गौरव को सहेजते हुए विकास के नए आयाम गढ़ रही सरकार : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

