बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। एसईसीएल द्वारा आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को मुख्यालय परिसर, बिलासपुर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं महिला शक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास तथा निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) रमेश चन्द्र महापात्र की मौजूदगी में विभागाध्यक्षों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नारी शक्ति ने सामूहिक रूप से श्रमदान किया। सभी प्रतिभागियों ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया। अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल बेहतर कार्य संस्कृति का आधार होता है और स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान सभी ने स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। गौरतलब है कि 16 जून से 30 जून 2026 तक चल रहे स्वच्छता पखवाड़ा के तहत एसईसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न संचालन क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और जनभागीदारी से जुड़े कई आयोजन किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

