रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रक्रिया 30 जून से शुरू होने जा रही है। तकनीकी शिक्षा संचालनालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्य के 34 इंजीनियरिंग कॉलेजों की कुल 11 हजार 514 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। इस बार अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा की बाध्यता भी समाप्त कर दी गई है।
पहले चरण के तहत ऑनलाइन पंजीयन 30 जून से 6 जुलाई तक किए जाएंगे। 7 जुलाई को मेरिट सूची जारी होगी, जबकि 8 जुलाई तक दावा-आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। सीट आवंटन परिणाम 10 जुलाई को जारी होगा और चयनित अभ्यर्थियों को 11 से 15 जुलाई के बीच संबंधित कॉलेजों में प्रवेश लेना होगा। दूसरे चरण के लिए पंजीयन 17 से 21 जुलाई तक होंगे। 22 जुलाई को मेरिट सूची जारी की जाएगी तथा 23 जुलाई तक दावा-आपत्ति का अवसर मिलेगा। सीट आवंटन परिणाम 25 जुलाई को घोषित होगा। प्रवेश प्रक्रिया 26 से 30 जुलाई तक पूरी कराई जाएगी।
खाली सीटों पर संस्था स्तर पर प्रवेश
दो चरणों के बाद यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो संस्था स्तर पर काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसके लिए 1 से 6 अगस्त तक पंजीयन होंगे। 9 अगस्त को मेरिट सूची जारी होगी तथा 10 अगस्त को अभ्यर्थियों को संबंधित संस्था में उपस्थित होना होगा। प्रवेश प्रक्रिया 13 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद बची सीटों पर 14 अगस्त तक मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। एक पाठ्यक्रम के लिए प्रत्येक चरण में अभ्यर्थी का केवल एक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किया जाएगा। दूसरे चरण में नई सीट मिलने पर पहले लिया गया प्रवेश स्वतः निरस्त हो जाएगा। संस्था स्तर की काउंसिलिंग में छात्र केवल एक संस्था का चयन कर सकेंगे।
मूल निवासी प्रमाण पत्र जरूरी
तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि राज्य के इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए मूल निवासी प्रमाण पत्र अनिवार्य रहेगा। इसके बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए अधिकतम आयु सीमा समाप्त कर दी गई है। पहले इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित थी, जिसे अब हटा दिया गया है।

