गीदम, कुनकुरी, मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में शुरू होंगे मेडिकल कॉलेज
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने छत्तीसगढ़ में पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों की स्थापना को मंजूरी दे दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से गीदम (दंतेवाड़ा), कुनकुरी (जशपुर), मनेन्द्रगढ़, जांजगीर-चांपा और कबीरधाम में 50-50 एमबीबीएस सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज शुरू होंगे। इससे प्रदेश में एक साथ 250 नई एमबीबीएस सीटों का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा आधुनिक और समावेशी स्वास्थ्य तंत्र विकसित करना है, जहां प्रदेश का कोई भी युवा डॉक्टर बनने के अवसर से वंचित न रहे और लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न होना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित गीदम से लेकर उत्तर छत्तीसगढ़ के आदिवासी क्षेत्र कुनकुरी तक मेडिकल कॉलेजों की स्थापना इस बात का प्रमाण है कि डबल इंजन सरकार विकास की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि ये संस्थान केवल मेडिकल कॉलेज नहीं होंगे, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय मानव संसाधन विकास के मजबूत केंद्र बनेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया आभार
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का तेजी से विस्तार हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए मेडिकल कॉलेजों से प्रदेश के युवाओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं भी सुलभ होंगी।

