जिला सलाहकार एवं समन्वय समिति की बैठक में युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा, कॉलेजों और स्कूलों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल “माय भारत युवा कार्यक्रम” के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सलाहकार समिति एवं जिला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अधिक से अधिक युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि “माय भारत कार्यक्रम” युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों तथा स्कूलों के प्राचार्यों से अभियान चलाकर अधिकाधिक युवाओं का माय भारत यूथ वॉलंटियर्स के रूप में पंजीयन कराने का आह्वान किया। कलेक्टर ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सरोकारों, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास और जनकल्याणकारी गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को नई पहचान मिलेगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, ओएसडी तरुण किरण, अपर कलेक्टर देवेन्द्र पटेल, ओंकार यादव, माधुरी सोम ठाकुर, सभी एसडीएम, जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, जिला स्तरीय अधिकारी, महाविद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य, एनएसएस-एनसीसी के प्रभारी और माय भारत यूथ वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।
15 से 29 वर्ष के युवाओं को मिलेगा अवसर
बैठक में माय भारत कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने पॉवर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विभिन्न अवसरों से जोड़कर उन्हें सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनाने का उद्देश्य रखता है। उन्होंने बताया कि माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराने वाले युवाओं को सरकारी एवं सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी, स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, अनुभव आधारित शिक्षण, प्रोफाइल एवं सीवी निर्माण, विशेषज्ञों और मेंटर्स से जुड़ने का अवसर मिलेगा। साथ ही सभी पंजीकृत युवाओं को स्वयंसेवी (वॉलंटियर) प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
हाथी प्रभावितों को समय पर मिले मुआवजा, आरबीसी 6-4 के प्रकरणों में न हो विलंब : कलेक्टर दुदावत

