दादरखुर्द कुत्ता हमले के पीड़ित परिवार से मिलीं महापौर व आयुक्त, दी 1 लाख की सहायता राशि

      Date:

      • हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा, आवारा कुत्तों के खिलाफ निगम का महाअभियान शुरू

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। दादरखुर्द बस्ती में आवारा कुत्तों के हमले में मासूम प्रकाश पटेल की दर्दनाक मौत के बाद नगर पालिक निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। दोनों ने शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान महापौर ने मृतक बच्चे के पिता किशोर पटेल को एक लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक भी सौंपा।

          नगर पालिक निगम

          मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के मोहतरा गांव निवासी किशोर पटेल और उनकी पत्नी दादरखुर्द में रहकर मजदूरी करते हैं। घटना वाले दिन दोनों काम पर गए थे। इसी दौरान पांच वर्षीय प्रकाश घर से रथयात्रा देखने के लिए निकला, लेकिन घर के पास ही आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्चे को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। महापौर संजूदेवी राजपूत ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि नगर निगम पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता होने पर निगम हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा। इस दौरान वार्ड पार्षद सुनीता चौहान और मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर भी मौजूद रहे।

          22 आवारा कुत्ते पकड़े, निगम का विशेष अभियान शुरू

          घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को 22 आवारा कुत्तों को पकड़कर डॉग हाउस भेजा गया। स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय तिवारी ने बताया कि अभियान को तेज करने के लिए सक्ती जिले से भी डॉग स्क्वॉड टीम बुलाई गई है। महापौर और आयुक्त ने नागरिकों से छोटे बच्चों को अकेला बाहर नहीं छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में कुत्ते अधिक आक्रामक हो सकते हैं। साथ ही लोगों से आवारा कुत्तों की जानकारी नगर निगम को देने और उनके बंध्याकरण अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया।

          1040 कुत्तों का टीकाकरण, 425 का बंध्याकरण

          आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि नगर निगम अब तक 1040 से अधिक आवारा कुत्तों का टीकाकरण और 425 कुत्तों का बंध्याकरण करा चुका है। इसके अलावा प्रगतिनगर दर्री में पशु जन्म नियंत्रण एवं डॉग केयर सेंटर भी तैयार किया गया है, जहां आवारा कुत्तों के नियंत्रण और देखभाल की व्यवस्था की गई है।

          कोरबा में अवारा कुत्तों का आतंक, 5 वर्षीय मासूम को नोच- नोच कर उतारा मौत के घाट

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related