राज्य खेल अलंकरण के लिए 5 अगस्त तक आवेदन, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिलेगा 3 लाख तक का पुरस्कार

      Date:

      • खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक होंगे सम्मानित; ऑनलाइन आवेदन शुरू, खेलवृत्ति और प्रोत्साहन राशि का भी मिलेगा लाभ

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2025-26 के राज्य खेल अलंकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कारों एवं नकद प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया जाएगा। इच्छुक खिलाड़ी और पात्र आवेदक 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

          खेल निदेशक तनुजा सलाम द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन केवल खेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। सभी जिलों के खेल अधिकारियों और राज्य खेल संघों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदनों की जांच कर उन्हें खेल संचालनालय भेजने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य खेल अलंकरण के तहत शहीद राजीव पाण्डे पुरस्कार के अंतर्गत राष्ट्रीय खेल, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेता तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को 3 लाख रुपये तक का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं शहीद कौशल यादव पुरस्कार के तहत जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेताओं को 1.50 लाख रुपये और उत्कृष्ट प्रशिक्षकों व निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के तहत 1.50 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।

          खेल दिग्गजों और नियमित खिलाड़ियों का भी होगा सम्मान

          शहीद विनोद चौबे सम्मान के तहत 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के खेल दिग्गजों को 25 हजार रुपये, जबकि शहीद पंकज विक्रम सम्मान के अंतर्गत लगातार पांच वर्षों में चार बार सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों को भी 25 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।

          दलीय खेलों के लिए मुख्यमंत्री ट्रॉफी

          चार खिलाड़ियों वाली टीम के सीनियर वर्ग को 2 लाख रुपये तथा जूनियर वर्ग को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं चार से अधिक खिलाड़ियों वाली टीम के सीनियर वर्ग को 5 लाख रुपये और जूनियर वर्ग को 3 लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा। विजेताओं को नकद राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान की जाएगी।

          खेलवृत्ति और प्रोत्साहन राशि का भी मिलेगा लाभ

          राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा वर्ष 2025-26 के दौरान सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खेल संघों को प्रेरणा निधि से सम्मानित किया जाएगा।

          आवेदन से जुड़ी जरूरी जानकारी

          • आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026।
          • आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
          • शहीद पंकज विक्रम सम्मान के लिए राज्य खेल संघ की अनुशंसा अनिवार्य होगी।
          • यदि किसी पात्र खिलाड़ी का नाम खेल संघ नहीं भेजता है, तो वह निर्धारित तिथि तक जिला खेल कार्यालय या खेल संचालनालय में स्वयं आवेदन कर सकता है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related