कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए दर्री स्थित हसदेव बैराज का 12 नंबर गेट चार फीट तक खोल दिया गया है। मंगलवार रात 8 बजे की स्थिति के अनुसार बैराज से कुल 6,268.90 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।
बैराज का पॉन्ड लेवल 941.45 फीट दर्ज किया गया। इसमें मुख्य बैराज से 5,483 क्यूसेक, राइट बैंक हेड रेगुलेटर (RBHR) से 264.42 क्यूसेक तथा लेफ्ट बैंक हेड रेगुलेटर (LBHR) से 521.48 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है। इसे देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों और निचली बस्तियों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मछली पकड़ने और तट पर जाने से बचें
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी में न उतरें, मछली पकड़ने या अनावश्यक रूप से नदी तट के करीब जाने से बचें। साथ ही बारिश की स्थिति के अनुसार बैराज से पानी छोड़े जाने की मात्रा में बदलाव किया जा सकता है। नागरिकों से केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

