भाटापारा-हथबंध के बीच ऑटो सिग्नलिंग कार्य के चलते बदला रेलवे का शेड्यूल, कोरबा-रायपुर पैसेंजर समेत चार ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन पर ऑटो सिग्नलिंग कमीशनिंग के लिए चल रहे नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन में संशोधन किया है। रेलवे ने पहले जिन चार मेमू ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा की थी, उन्हें बहाल कर दिया है।
अब 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू, 68734 बिलासपुर-कोरबा मेमू, 68733 कोरबा-बिलासपुर मेमू और 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू अपने निर्धारित समय पर संचालित होंगी। हालांकि, 23 जुलाई को 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर, 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर, 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू तथा 24 जुलाई को 68745 कोरबा-रायपुर मेमू रद्द रहेंगी। वहीं, 23 जुलाई को चलने वाली 68862/68861 झारसुगुड़ा-गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू केवल बिलासपुर स्टेशन तक ही संचालित होगी। यह ट्रेन बिलासपुर में समाप्त होकर वहीं से वापस रवाना होगी। बिलासपुर-गोंदिया-बिलासपुर खंड में इसका परिचालन रद्द रहेगा।
यात्रियों से अपील
रेलवे ने बताया कि रायपुर मंडल के भाटापारा-हथबंध स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन सेक्शन में ऑटो सिग्नलिंग की कमीशनिंग के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किए गए हैं। यात्रियों से यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस (NTES) या हेल्पलाइन के माध्यम से ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।

