कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी 20 लाख की सौगात
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और क्लब को 20 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान पूरे प्रदेश में है। पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी गरिमा बनाए रखना हर पत्रकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस दौर में पत्रकारिता का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे समय में वरिष्ठ और युवा पत्रकारों के अनुभव तथा ऊर्जा का समन्वय पत्रकारिता को नई दिशा देगा। बड़ी संख्या में युवा इस क्षेत्र से जुड़ रहे हैं, जो समाज में जागरूकता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, बिलासपुर प्रेस क्लब के अभिजीत मिश्रा सहित विभिन्न प्रेस क्लबों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान ने क्लब की भावी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि सचिव दिनेश राज ने आभार व्यक्त किया। अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान भी किया गया।
मीडिया की भूमिका हमेशा अहम रहेगी : देवांगन
उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि पत्रकार हमेशा निर्भीक होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने और जनसमस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के साथ की जानी चाहिए।
जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और पत्रकार मौजूद रहे। महापौर संजू देवी राजपूत एवं पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
इन पदाधिकारियों ने ली शपथ
समारोह में प्रेस क्लब के संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।

