
36.37 करोड़ के 12 कार्यों का भूमिपूजन, 37.45 करोड़ के 7 विकास कार्यों का लोकार्पण, पीएम आवास हितग्राहियों को सौंपी चाबियां
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने गुरुवार को कोरबा जिले को 73 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने 36 करोड़ 37 लाख 94 हजार रुपये की लागत से होने वाले 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 37 करोड़ 45 लाख 40 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए 7 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान सुनालिया नहर मार्ग स्थित बहुप्रतीक्षित मल्टीलेवल पार्किंग का लोकार्पण और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर का भूमिपूजन भी किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रत्येक रुपया जनता के हित और विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार सत्ता चलाने के लिए नहीं, बल्कि जनता की सेवा करने के लिए बनी है।” जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) की राशि का भी अब जनहित में बेहतर उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोरबा लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपकर उनका गृह प्रवेश कराया गया। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ मकान की चाबी नहीं, बल्कि परिवारों के जीवन में नई खुशियों का प्रवेश है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इन कॉलोनियों में सड़क, आंगनबाड़ी और अन्य मूलभूत सुविधाएं भी जल्द उपलब्ध कराई जाएंगी। दादरखुर्द में आयोजित लोकार्पण, भूमिपूजन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के गृहप्रवेश कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री के साथ उद्योग, वाणिज्य, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
एक हजार करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर : देवांगन
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जिले में वर्तमान में करीब एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों, किसानों और आम नागरिकों के हित में लगातार योजनाएं लागू कर रही हैं तथा मोदी की गारंटी को धरातल पर उतारा जा रहा है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखनलाल देवांगन और अन्य जनप्रतिनिधियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इन प्रमुख कार्यों का हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम में बेलगरी, गुरमा और लमटी नालों पर उच्चस्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग, बालको मार्ग से दर्री मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण, विभिन्न वार्डों में पेयजल टंकियां, पाइपलाइन, नाली और कलवर्ट निर्माण, आदिवासी छात्रावास एवं आश्रम भवन तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर के निर्माण सहित कुल 12 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
लोकार्पित परियोजनाओं में करहिया नाला पर स्लैब कलवर्ट, जल जीवन मिशन की ग्रामीण जल योजनाएं, अहिरन नदी एवं पितनी नदी पर उच्चस्तरीय पुल, 17.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टीलेवल पार्किंग तथा घंटाघर चौक में स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज शामिल हैं।
घंटाघर चौक पर फहराया विशाल तिरंगा
उप मुख्यमंत्री ने घंटाघर चौक में स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण कर तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा नागरिकों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सशक्त करेगा तथा देश की आन, बान और शान का प्रतीक बनकर सदैव लहराता रहेगा।

