पिकनिक मनाने पहुंचे थे युवक, अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर; रातभर टापू पर बितानी पड़ी रात
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कोरबा जिले के देवपहरी वाटरफॉल में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों की उस समय जान पर बन आई, जब अचानक नदी का जलस्तर बढऩे से वे बीच धार में बने एक टापू पर फंस गए। करीब 15 घंटे तक टापू पर फंसे रहने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया गया कि तीनों दोस्त देवपहरी वाटरफॉल घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान बारिश के कारण नदी का बहाव तेज हो गया और पानी का स्तर अचानक बढऩे लगा। देखते ही देखते तीनों के लौटने का रास्ता पानी में डूब गया और वे टापू पर ही फंस गए। रातभर तीनों ने वहीं रहकर मदद का इंतजार किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में काफी सावधानी बरतनी पड़ी। आखिरकार रस्सी की मदद से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कोरबा के कई नाले उफान पर
सोमवार दोपहर से कोरबा में हुई तेज बारिश के कारण कई नालों में पानी का बहाव बढ़ गया। दादर नाला, मानिकपुर, डिपरा पारा बाईपास और पोड़ीबहार नाला उफान पर आ गए। दादर नाला के आसपास कई घरों में पानी घुसने की भी जानकारी सामने आई है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में बारिश हुई। बस्तर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई, जबकि रायपुर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग में भी कई स्थानों पर तेज बारिश हुई।
बांगो बांध के 5 गेट खुले, छोड़ा 20,613 क्यूसेक पानी

मिनीमाता बांगो बांध में लगातार बढ़ रही पानी की आवक को देखते हुए पांच गेट खोल दिए गए हैं। मंगलवार सुबह बांध का जलस्तर 358.52 मीटर यानी 93.18 प्रतिशत दर्ज किया गया। बांध में करीब 41,087 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। पांच गेटों से 11,613 क्यूसेक और पावर प्लांट हाइडल से 9,000 क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। इस तरह कुल 20,613 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है। बांगो से पानी की आवक बढऩे के कारण दर्री डेम के भी तीन गेट खोल दिए गए हैं। जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रखी जा रही है।

