
स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर कार्यक्रम में 800 जवानों को स्कूली बच्चियों ने बांधी राखी, सीएम ने जवानों के साहस और बलिदान को किया नमन
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित स्नेह की डोर विष्णु भैया मोर कार्यक्रम में रक्षाबंधन का पर्व भावनाओं और भाई-बहन के स्नेह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस दौरान शहीद जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा ने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। इस भावुक पल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्हें सगी बहन से बढ़कर एक बहन मिली है।

कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने सीआईएसएफ, बीएसएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के करीब 800 जवानों की कलाई पर राखी बांधी। मूकबधिर और दिव्यांग बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को विशेष बनाया। इस दौरान जिला प्रशासन की पांच योजनाओं और परियोजनाओं का शुभारंभ भी किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शहीद जवान युगल किशोर वर्मा की पत्नी माधुरी वर्मा द्वारा राखी बांधने के प्रसंग को भावुक बताते हुए कहा कि जवानों के बीच बहनों को राखी बांधते देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। बहन भाई की कलाई पर राखी बांधती है और भाई जीवनभर उसकी रक्षा का संकल्प लेता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कोई सगी बहन नहीं है और वे केवल भाइयों के साथ बड़े हुए हैं। लेकिन आज शहीद जवान की पत्नी के रूप में उन्हें सगी बहन से भी बढ़कर एक बहन मिली है। कार्यक्रम में मंत्री केदार कश्यप, विधायक सुनील सोनी और विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, सुरक्षा बलों के जवान, स्कूली छात्राएं, दिव्यांग बच्चे और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
जवानों के बलिदान से नक्सलवाद के खिलाफ मिली बड़ी सफलता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों के साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि जवानों के संघर्ष और बलिदान के कारण छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता जवानों की बहादुरी का परिणाम है और यह बहनों के लिए भी एक बड़ा उपहार है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का माहौल था, वहां अब विकास और शांति का रास्ता मजबूत हो रहा है।
13.85 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में 6 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है। छत्तीसगढ़ में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की 31वीं किस्त के रूप में 68 लाख महिलाओं के खातों में 631 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।
बस्तर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण बस्तर संभाग विकास की मुख्यधारा से अपेक्षित गति से नहीं जुड़ पाया। अब सुरक्षा के साथ विकास को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बस्तर संभाग में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

