भोटेकोशी नदी में अचानक बढ़ा पानी, रसुवा समेत कई जिलों में भारी तबाही, सेना ने संभाला राहत-बचाव अभियान
काठमांडू (एजेंसी)। नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। चीन के तिब्बत से आई तेज जलधारा के कारण भोटेकोशी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग जिलों के कई इलाकों में पानी घुस गया। बाढ़ के तेज बहाव में अब तक कम से कम 8 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 105 भारतीयों समेत बड़ी संख्या में लोग लापता बताए जा रहे हैं।

बाढ़ से घरों, दुकानों और अन्य संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए। एक पुल और हाइड्रोपावर परियोजना के भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। तिब्बत सीमा से लगे रसुवा जिले के टिमुरे और स्याब्रुबेसी इलाके बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। यहां भारी नुकसान हुआ है। शुरुआती जानकारी में करीब 1,000 लोगों के बह जाने की आशंका जताई गई है, हालांकि इस आंकड़े की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। रसुवा में नेपाल पुलिस के 26 जवान और आम्र्ड पुलिस फोर्स के 7 जवानों के भी लापता होने की जानकारी सामने आई है। राहत एवं बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं। नेपाल सेना ने प्रभावित क्षेत्रों में हेलिकॉप्टर और आपदा राहत कर्मियों को तैनात किया है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों के कारण राहत-बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। अधिकारी नुकसान का आकलन करने के साथ प्रभावित लोगों तक सहायता पहुंचाने में जुटे हैं।
भोटेकोशी नदी में अचानक बढ़ा जलस्तर
नेपाल पुलिस के मुताबिक तिब्बत की ओर से आने वाली भोटेकोशी नदी में अचानक जलस्तर बढऩे के कारण फ्लैश फ्लड की स्थिति बनी। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है। नुवाकोट, धाडिंग, चितवन और गोरखा समेत त्रिशूली नदी बेसिन के आसपास के जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के 8 जिलों में हाई अलर्ट
नेपाल में आई बाढ़ को देखते हुए बिहार में भी प्रशासन सतर्क हो गया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। गंडक नदी में करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
पीएम बालेन शाह ने बुलाई आपात बैठक
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट काउंसिल की आपात बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री प्रभावित जिलों के अधिकारियों के संपर्क में हैं और राहत-बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जैसे-जैसे राहत दल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचेंगे, बाढ़ से हुए नुकसान और लापता लोगों की स्थिति को लेकर और अधिक जानकारी सामने आ सकती है।

