छत्तीसगढ़ में होगी देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग, छह टीमें दिखाएंगी दम

      Date:

      • 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगे मुकाबले, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का किया अनावरण

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और खिलाडिय़ों को बड़ा मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू होने जा रही है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन किया जाएगा। इसे देश की पहली राज्य स्तरीय हॉकी लीग बताया जा रहा है, जिसका आयोजन हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर प्रोफेशनल स्तर पर किया जाएगा। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में संभावित रूप से 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक लीग के मुकाबले खेले जाएंगे।

          छत्तीसगढ़ हॉकी लीग

          उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने रायपुर में लीग के लोगो, टैगलाइन और शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा हॉकी प्रतिभाओं को बड़ा मंच देना है। इससे प्रदेश के खिलाडिय़ों को देश के अनुभवी और श्रेष्ठ खिलाडिय़ों के साथ खेलने तथा उनसे सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में हॉकी की मजबूत परंपरा रही है। राज्य के प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय स्तर का अनुभव और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने में यह लीग अहम भूमिका निभाएगी। लीग के पहले सीजन में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें राजधानी रॉयल्स, चित्रकूट चैलेंजर्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स शामिल हैं। सभी टीमें लीग चरण में मुकाबले खेलेंगी। अंक तालिका में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल के विजेता फाइनल मुकाबले में खिताब के लिए आमने-सामने होंगे।

          https://dprcg.gov.in/post/1787668946/Raipur-Chhattisgarh-to-host-the-country-s-first-state-level-hockey-league

          चलव रे संगी, हॉकी खेलबो होगी टैगलाइन

          लीग का लोगो छत्तीसगढ़ के मानचित्र पर आधारित है। इसमें केसरिया और हरे रंग के माध्यम से भारतीयता की भावना को दर्शाया गया है। वहीं आगे बढ़ती नारंगी रेखा प्रदेश की प्रगति और आगे बढऩे की सोच का प्रतीक है। लीग की टैगलाइन चलव रे संगी, हॉकी खेलबो रखी गई है, जिसका भाव है कि लोग मिलकर हॉकी खेलें और इस खेल से जुड़ें।

          ‘बघवा’ बनेगा लीग का शुभंकर

          छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का शुभंकर बघवा नामक बाघ है। इसे राज्य के घने जंगलों और समृद्ध वन्यजीव विरासत से जोड़ा गया है। बघवा साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक है, जो मैदान पर खिलाडिय़ों के जुझारूपन और जीत की भावना को दर्शाएगा।

          मुफ्त होगी दर्शकों की एंट्री

          लीग के दौरान हॉकी मुकाबलों के साथ प्रतिदिन मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। खास बात यह है कि सभी मैचों में दर्शकों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। मैचों के लिए हॉकी इंडिया की ओर से अंपायर और तकनीकी अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता में तकनीकी गुणवत्ता और निष्पक्षता बनी रहेगी।

          कौशल विकास से बढ़ता है आत्मविश्वास, युवाओं को मिले रोजगार के नए अवसर : अरुण साव

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related