अलग से जारी होगा भर्ती विज्ञापन, स्नातक पास युवाओं को मिलेगा आवेदन का मौका
नई दिल्ली (एजेंसी)। रेलवे में स्टेशन मास्टर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड इस बार स्टेशन मास्टर के पदों पर भर्ती के लिए अलग से अधिसूचना जारी करेगा। यह पद सामान्य रेलवे भर्ती बोर्ड गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी स्नातक भर्ती से अलग रखे गए हैं। संभावित रूप से 500 से अधिक पदों पर भर्ती हो सकती है, हालांकि रिक्तियों की वास्तविक संख्या की आधिकारिक पुष्टि अधिसूचना जारी होने के बाद ही होगी।
रेलवे भर्ती बोर्ड की स्नातक स्तर की सामान्य भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन इसमें स्टेशन मास्टर का पद शामिल नहीं है। इसके लिए अलग से केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी की जाएगी। अक्टूबर 2026 में अधिसूचना आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। स्टेशन मास्टर पद के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक की डिग्री आवश्यक होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, संभावित आयु सीमा 20 से 33 वर्ष है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। पात्रता और आयु की गणना से संबंधित अंतिम नियम आधिकारिक अधिसूचना में स्पष्ट होंगे। स्टेशन मास्टर पद पर चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा, अभिक्षमता परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। परीक्षा के सभी चरणों और चयन संबंधी नियमों की विस्तृत जानकारी भर्ती अधिसूचना में दी जाएगी।
शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये
स्टेशन मास्टर का पद सातवें वेतन आयोग के वेतन स्तर-6 के अंतर्गत आता है। इसका शुरुआती मूल वेतन 35,400 रुपये प्रतिमाह है। इसके अतिरिक्त नियमानुसार विभिन्न भत्ते और अन्य सुविधाएं भी मिलती हैं।
आधिकारिक अधिसूचना का करें इंतजार
फिलहाल पदों की संख्या और आवेदन की तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में उम्मीदवार रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें और भर्ती की तैयारी शुरू कर दें। आवेदन, शुल्क, आयु सीमा और परीक्षा पैटर्न से जुड़ी अंतिम जानकारी अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
रेलवे में अप्रेंटिस के 2000 से ज्यादा पदों पर भर्ती, 10वीं और आईटीआई पास युवाओं के लिए मौका

