रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का रायपुर दौरा अपरिहार्य कारणों से रद्द हो गया है। उन्हें सोमवार, 12 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 42वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना था। रेल मंत्री के आगमन को लेकर रेलवे प्रशासन पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटा हुआ था।इससे पहले रेल मंत्री का दौरा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित था, जिसे बाद में बदलकर 12 अक्टूबर किया गया था। राजधानी रायपुर में आयोजित होने वाले इस समारोह में रेलवे सुरक्षा, यात्रियों की संरक्षा और रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा के प्रति आरपीएफ की प्रतिबद्धता प्रदर्शित की जानी थी।
स्थापना दिवस समारोह में औपचारिक परेड प्रमुख आकर्षण रहने वाली थी। इसमें महिला टुकड़ी, कोरस कमांडो दल, श्वान दस्ता और सेगवे टुकड़ी के प्रदर्शन की योजना थी। इनके माध्यम से रेलवे सुरक्षा बल के अनुशासन, प्रशिक्षण और आधुनिक सुरक्षा तैयारियों को प्रदर्शित किया जाना था। समारोह में आरपीएफ के अधिकारियों और जवानों को उत्कृष्ट सेवा तथा राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए सम्मानित करने की योजना थी। इसमें विशिष्ट सेवा के लिए तीन राष्ट्रपति पुलिस पदक, सराहनीय सेवा के लिए 30 पुलिस पदक और वर्ष 2024 में रेल यात्री की जान बचाने के लिए जीवन रक्षा पदक शामिल थे। कार्यक्रम में तकनीकी प्रदर्शनी भी प्रस्तावित थी। इसमें ड्रोन से निगरानी, मानवाकार रोबोट, अर्जुन और अपराध पहचान से जुड़े डिजिटल उपकरण सीसीटीएनएस तथा एनएएफआईएस प्रदर्शित किए जाने थे। इनके माध्यम से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में आधुनिक तकनीक की भूमिका बताई जानी थी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

