निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश, अधिकारियों को नियमित निगरानी की जिम्मेदारी
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आईटीआई रामपुर भवन में चल रहे नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने भवन में टाइल्स लगाने, खिड़कियों की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यादेश में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे किए जाएं। कलेक्टर दुदावत ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी को कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय पर काम पूरा नहीं होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता जी.आर. जांगड़े, एसडीएम सरोज महिलांगे, एसडीओ राकेश द्विवेदी तथा विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

