मंत्री लखनलाल देवांगन ने कोरबा रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन के सपने को साकार कर रही सरकार
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बिलासपुर संभाग के लगभग 850 श्रद्धालु जगन्नाथ पुरी, लिंगराज मंदिर और कोणार्क मंदिर के दर्शन के लिए रवाना हुए। कोरबा रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर (आबकारी) तथा श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने भारत गौरव पर्यटक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में शुरू की गई मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा का अवसर मिलता था। प्रदेश में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस जनकल्याणकारी योजना को फिर से शुरू किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सफाई कर्मियों के पैर धोकर उनका सम्मान करते हैं। इसी सेवा भावना के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी प्रदेश के बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर प्रदान कर उनका सम्मान कर रहे हैं। यह योजना बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सेवा भाव का प्रतीक है। मंत्री देवांगन ने कहा कि योजना के तहत पहली ट्रेन को कोरबा जिले से रवाना किया जाना गौरव का विषय है। प्रदेश सरकार बुजुर्गों की आस्था का सम्मान करने और उनके तीर्थ दर्शन के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर प्रेम कुमार साहू, फिरत राम साहू, समाज कल्याण विभाग के उपसंचालक, नगर निगम के अपर आयुक्त पवन वर्मा, प्रफुल्ल तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
आर्थिक परेशानी के कारण अधूरी नहीं रहेगी तीर्थ यात्रा की इच्छा
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि तीर्थ यात्रा करना हर बुजुर्ग की इच्छा होती है, लेकिन आर्थिक स्थिति और अन्य संसाधनों की कमी के कारण कई लोग अपनी यह इच्छा पूरी नहीं कर पाते। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार इस योजना के माध्यम से बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन का अवसर उपलब्ध करा रही है। यह उनके लिए आनंद, आस्था और सम्मान से जुड़ा अवसर है।

