तमिलनाडु की थेनी जेल से 17 कैदी फरार, पुलिस पर हमला कर भागे, 4 गिरफ्तार

      Date:

      • तीन पुलिसकर्मी घायल, फरार कैदियों की तलाश में 17 विशेष टीमें गठित; सीमावर्ती इलाकों में नाकेबंदी

      चेन्नई (एजेंसी)। तमिलनाडु के थेनी जिले की उपजेल में सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिसकर्मियों पर हमला कर 17 कैदी फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। अब तक चार फरार कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी कैदियों की तलाश जारी है।

          पुलिस के अनुसार, सभी 17 कैदी एक ही सेल में बंद थे। रात में जेल कर्मचारियों को सूचना मिली कि एक कैदी की तबीयत खराब है और उसे दौरे पड़ रहे हैं। इसके बाद कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी सेल का दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे। इसी दौरान कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इनमें ग्रेड-द्वितीय पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट आई है। उन्हें जी. विलाक्कु सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो अन्य जेलकर्मियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

          17 विशेष टीमें तलाश में जुटीं

          घटना के बाद फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आसपास के जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर जांच चौकियां बनाई गई हैं, जहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने मदुरै, डिंडीगुल और केरल के इडुक्की जिले के अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी है। फरार कैदियों की तस्वीरें विभिन्न पुलिस थानों में भेजी गई हैं, ताकि उनकी पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

          1995 की घटना की याद हुई ताजा

          तमिलनाडु में कैदियों के सामूहिक रूप से फरार होने की इस घटना ने जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्ष 1995 में वेल्लोर किले के भीतर बने विशेष निरोध शिविर से लिट्टे से जुड़े 43 संदिग्ध सुरंग बनाकर फरार हो गए थे। उस समय बनाई गई सुरंग करीब 47 मीटर लंबी थी। थेनी की घटना के बाद पुलिस फरार कैदियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान जारी है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related