30 अक्टूबर को निकलेगी पदयात्रा, घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की जानकारी देंगे कार्यकर्ता
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा ने जनजागरण अभियान की रणनीति तैयार की है। मंगलवार को टीपी नगर स्थित आशीर्वाद पॉइंट में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी के नेतृत्व में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने तथा आम नागरिकों तक पार्टी का पक्ष पहुंचाने पर चर्चा की।

बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् और राज्यगीत के साथ हुआ। इस दौरान जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि एसआईआर को लेकर जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने के लिए पार्टी व्यापक अभियान चलाएगी। उन्होंने घोषणा की कि 30 अक्टूबर को शाम 4 बजे कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से घंटाघर चौक तक पदयात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सामाजिक बुद्धिजीवियों, युवाओं, विद्यार्थियों और प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। सोशल मीडिया, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और लेखन जैसे माध्यमों से लोगों को एसआईआर की प्रक्रिया से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर लोगों को जानकारी देने और संगठन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ पर जोर
जिला सह प्रभारी बृजेंद्र शुक्ला ने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ है। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर एसआईआर से संबंधित जानकारी साझा करें। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सम्मान के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि एसआईआर को लेकर आम नागरिकों तक सही जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भाजपा जिले में सात प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से जनजागरण अभियान चलाएगी। उनके अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उसके महत्व से परिचित कराना है।
संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता का आह्वान
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी और कार्यकर्ताओं की असली ताकत है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से निर्धारित कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय, एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से संगठनात्मक गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग एवं मनोज शर्मा, जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पंचायत पाली अध्यक्ष अजय जायसवाल, नगर पालिका बांकी मोंगरा अध्यक्ष सोनी झा, जनपद पंचायत करतला अध्यक्ष अशोका बाई कंवर सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष मंजू सिंह, रुक्मणी नायर, योगेश जैन, लक्की नंदा, जिला मंत्री अजय कंवर, कमला बरेठ, कमला किंडो, विवेक मार्कंडेय सहित मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में आगामी जनजागरण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने और संगठनात्मक समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया गया।

