दीपावली पर सराफा कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई कोरबा पुलिस, दिए सख्त निर्देश

      Date:

      • लूट और उठाईगिरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने पुलिस ने ली बैठक, सीसीटीवी, पैनिक अलार्म और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था पर दिया जोर

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। दीपावली पर्व के मद्देनजर बाजारों में बढ़ती भीड़ और सराफा दुकानों में बढ़ते कारोबार को देखते हुए कोरबा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। लूट, चोरी और उठाईगिरी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस अधिकारियों ने सराफा एवं ज्वेलरी कारोबारियों की बैठक लेकर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी और कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने व्यापारियों को दुकानों और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की समझाइश दी।

          पुलिस अधिकारियों ने सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें हमेशा चालू रखने के निर्देश दिए। दुकानों के बाहर पार्किंग क्षेत्र और मुख्य सड़क की ओर निगरानी के लिए कम से कम दो कैमरे लगाने की सलाह दी गई। इसके साथ ही सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सुरक्षित तिजोरी में रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पैनिक अलार्म और आपातकालीन घंटी लगाने को कहा गया। पुलिस ने सोना-चांदी और नकदी का परिवहन करते समय विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी। अकेले या दोपहिया वाहन से कीमती सामान ले जाने से बचने तथा रोजाना एक ही रास्ते और समय का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। दुकान खोलने और बंद करने के दौरान भी आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने को कहा गया।

          संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल दें सूचना

          व्यापारियों को प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों का पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने कहा कि दुकान के आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें। कोरबा पुलिस ने दीपावली के दौरान सराफा और ज्वेलरी कारोबारियों से सुरक्षा निर्देशों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि व्यापारियों के सहयोग और सतर्कता से लूट, चोरी एवं उठाईगिरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related