महीनेभर चला जागरूकता अभियान, 800 से अधिक विद्यार्थियों ने कार्निवल में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास का सीखा महत्व
बालकोनगर (AkhandBharatHNKP.Com)। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) में सस्टेनेबिलिटी माह 2026 का समापन हुआ। महीनेभर चले इस अभियान में 2,600 से अधिक कर्मचारियों, बिजनेस पार्टनर्स, उनके परिवारजनों, विद्यार्थियों और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों, सामुदायिक गतिविधियों और रचनात्मक आयोजनों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान का उद्देश्य सतत विकास को केवल चर्चा का विषय न रखकर दैनिक जीवन और कार्यशैली का हिस्सा बनाने के लिए लोगों को प्रेरित करना था। इस दौरान वाड़ी पौधरोपण अभियान, तालाब पुनर्जीवन गतिविधि, सीड बॉल निर्माण और नुक्कड़ नाटक ‘मौसम का हिसाब’ सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार व्यवहार और सामूहिक भागीदारी का संदेश दिया गया।सस्टेनेबिलिटी माह का समापन कार्निवल के साथ हुआ, जिसमें 800 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों के लिए कचरे का पृथक्करण, जैव विविधता जागरूकता सत्र और सीड बॉल बनाने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। वन विभाग के सहयोग से बागवानी जागरूकता सत्र भी हुआ, जिसमें स्थानीय, औषधीय और उपयोगी पौधों के महत्व की जानकारी दी गई। इसके अलावा मिट्टी के बर्तन बनाने और कोसा बुनाई जैसी पारंपरिक गतिविधियों के जरिए स्थानीय कला, संस्कृति और टिकाऊ आजीविका के बीच संबंध को समझाया गया। कार्निवल में पर्यावरण, सामाजिक जिम्मेदारी और बेहतर कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों पर भी रोचक आयोजन हुए।
महिला उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों को मिला मंच
कार्यक्रम में महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उत्पादक समूहों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। इस पहल के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, महिलाओं की आजीविका मजबूत करने तथा पारंपरिक कला एवं संस्कृति के संरक्षण में सतत विकास की भूमिका को प्रदर्शित किया गया।
सतत विकास को कार्यशैली का हिस्सा बनाना जरूरी : राजेश सिंह
इस अवसर पर बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक राजेश सिंह ने कहा कि सतत विकास का अर्थ आज ऐसे निर्णय लेना है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करें। भारत की विकास यात्रा में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए विकास आर्थिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ समाज के लिए समावेशी और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बालको में सतत विकास को केवल प्रक्रियाओं और लक्ष्यों तक सीमित नहीं माना जाता, बल्कि इसे सोच और कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जाता है। सस्टेनेबिलिटी माह इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है, जो प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदार और बेहतर भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करता है। बालको ने इस अभियान के माध्यम से अपने औद्योगिक संचालन और आसपास के समुदायों में सतत विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक निर्णय लेने, सामूहिक जिम्मेदारी निभाने और दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव अपनाने का संदेश दिया।
बालको के जनस्वास्थ्य अभियान से टीबी उन्मूलन को मिल रहा बढ़ावा, चुहिया पंचायत को मिला सम्मान

