कोरबा में राज्योत्सव की धूम, विकास की उपलब्धियों के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति ने बांधा समां

      Date:

      • कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन; विभागीय प्रदर्शनी, जनकल्याणकारी योजनाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने खींचा लोगों का ध्यान

          कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कोरबा के डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नगरवासी मौजूद रहे। समारोह में प्रदेश की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।

          छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना

          समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद से विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है और प्रदेश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य का गठन संभव हुआ। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों को गति मिल रही है। कृषि, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और विद्यार्थियों के हित में योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं और प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

          धान उत्पादन और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन का उल्लेख

          कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ धान के बेहतर उत्पादन के कारण देश-दुनिया में धान का कटोरा के रूप में पहचान रखता है। राज्य गठन के बाद प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसका लाभ आम नागरिकों तक पहुंच रहा है।

          कलेक्टर ने बताई कोरबा की विकास यात्रा

          कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि कोरबा ऊर्जा नगरी के रूप में देश में विशेष पहचान रखता है। जिले की कोयला खदानें, बालको सहित एल्यूमिनियम उद्योग तथा एनटीपीसी और सीएसपीजीसीएल के विद्युत संयंत्र देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने हसदेव-बांगो बांध, समृद्ध वन संपदा और जनजातीय संस्कृति को जिले की विशिष्ट पहचान बताया। समारोह में राज्य हाथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह, नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

          विभागीय स्टॉलों में योजनाओं और उपलब्धियों की प्रदर्शनी

          राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में अतिथियों ने नन्हें शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया। वन विभाग के स्टॉल में स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर उनके निर्माण और उपयोग की जानकारी प्राप्त की गई। इसके अलावा जिला पंचायत, नगर निगम, पुलिस, समाज कल्याण, आदिम जाति विकास, शिक्षा, क्रेडा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, जनसंपर्क और उद्योग विभाग सहित एसईसीएल, एनटीपीसी एवं बालको के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित किया।

          सुनील सोनी के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक

          समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोह लिया। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी के साथ स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। जसगीत और छत्तीसगढ़ी गीतों की प्रस्तुति पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। राज्योत्सव के इस आयोजन में विकास की उपलब्धियों के साथ छत्तीसगढ़ की लोककला, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related