कोरबा निगम के 47.39 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों को एमआईसी की मंजूरी

      Date:

      • महापौर संजूदेवी राजपूत की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क, नाली, जलापूर्ति, सफाई और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव स्वीकृत

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। नगर पालिक निगम कोरबा की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के विकास, निर्माण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े 47 करोड़ 39 लाख रुपये से अधिक के विभिन्न कार्यों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर संजूदेवी राजपूत ने की, जबकि आयुक्त आशुतोष पाण्डेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान महापौर ने निगम के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

          निगम के पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार स्थित एमआईसी कक्ष में आयोजित बैठक की शुरुआत नवनियुक्त एमआईसी सदस्यों अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, किशन केंवट, प्रेमकुमार साहू और चंद्रकली जायसवाल के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विभागों से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई और उन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में शहर की प्रमुख सड़कों के डामरीकरण और चौड़ीकरण से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इनमें पावर हाउस रोड से पुराने बस स्टैंड (अंडरब्रिज रोड) तक तथा सुनालिया ब्रिज से पावर हाउस रोड फाटक तक सड़क डामरीकरण का कार्य शामिल है। इसके अलावा ध्यानचंद चौक से पॉलीटेक्निक कॉलेज रूमगरा होते हुए बजरंग चौक बालको तक सीसी सड़क चौड़ीकरण के कारण पाइपलाइन शिफ्टिंग, कोसाबाड़ी जोन में जैन चौक से घंटाघर तथा घंटाघर से कोसाबाड़ी चौक तक सड़क डामरीकरण के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए। बजरंग चौक बालको से रिसदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के कारण जलापूर्ति पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य भी प्रस्तावों में शामिल है।

          शहर के विभिन्न वार्डों में नाली और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई कार्यों को मंजूरी दी गई। वार्ड क्रमांक 20 में साकेत भवन से चिकन दुकान तक स्ट्रॉम ड्रेन निर्माण, वार्ड क्रमांक 31 में राजीव सिंह के घर से भदोरिया जी के घर तक तथा वहां से डॉ. बंसोर क्लीनिक तक दोनों तरफ नाली निर्माण, डॉ. अनंत आनंद से पोड़ीबहार चर्च तक नाली निर्माण और ब्लूबर्ड स्कूल से राजेन सिंह के घर के मोड़ तक नाली एवं कलवर्ट निर्माण शामिल हैं। इसके साथ ही कोसाबाड़ी फेस-2 में दुर्गा पंडाल के पास नाली निर्माण तथा अत्यावश्यक श्रेणी के नाली और सीमेंट कांक्रीट सड़क कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।

          एमआईसी ने जल आवर्धन योजना फेस-1 के संचालन एवं संधारण, निगम क्षेत्र में जल प्रदाय व्यवस्था के संचालन के लिए श्रमिक उपलब्ध कराने और कोहड़िया स्थित जल उपचार संयंत्र के वार्षिक संचालन एवं संधारण से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी। प्रचलित जलापूर्ति परियोजना के डब्ल्यूटीपी और एचटीपी के संचालन एवं संधारण व्यय के लिए 15वें वित्त आयोग के टाइड ग्रांट की 10 प्रतिशत तक की अनुदान राशि के उपयोग संबंधी प्रस्ताव पर भी सहमति दी गई। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न वार्डों में सफाई कार्य की समयावधि बढ़ाने, चिन्हित सड़कों की मैनुअल और मशीनों से सफाई कराने तथा फॉगिंग मशीन से संबंधित प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। निगम क्षेत्र के उद्यानों के रखरखाव के लिए प्रशिक्षित श्रमिक उपलब्ध कराने और उनकी दर निर्धारित करने से जुड़े प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया गया।

          बैठक में एमआईसी सदस्य अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, फिरतराम साहू, अजय गोंड़, अजयकुमार चंद्रा, भानुमति जायसवाल, धनकुमारी गर्ग, सरोज शांडिल्य, ममता यादव, चंद्रकली जायसवाल, किशनलाल केंवट और प्रेमकुमार साहू सहित अपर आयुक्त पवन वर्मा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, विभिन्न जोन के आयुक्त एवं निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

          वाहन संचालन और कर्मचारियों से जुड़े प्रस्ताव भी स्वीकृत

          निगम के विभिन्न वाहनों के संचालन के लिए वाहन चालक, जेसीबी ऑपरेटर और वाहन श्रमिक उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा मुख्य कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर कार्य के लिए श्रमिक उपलब्ध कराने, प्लेसमेंट कंप्यूटर ऑपरेटरों के वेतन में वृद्धि तथा समान कार्य के लिए वेतन में हो रहे अंतर को समाप्त करने के विषय पर भी चर्चा कर प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। सहायक लेखा अधिकारी के स्वीकृत दो पदों को पदोन्नति से भरने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने तथा सहायक अभियंता के स्वीकृत प्रतिनियुक्ति पद को पदोन्नति पद में परिवर्तित करने संबंधी प्रस्ताव भी बैठक में शामिल रहे।

          विकास और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी मुहर

          बैठक में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत निगम क्षेत्र में रेन वाटर हार्वेस्टिंग निर्माण, साकेत स्थित निगम के प्रशासनिक भवन में सोलर पैनल लगाने, विज्ञापन होर्डिंग व्यवसाय के लिए ऑफसेट दरों के पुनरीक्षण, पं. दीनदयाल उपाध्याय सांस्कृतिक भवन से संबंधित प्रस्ताव तथा निगम के विभिन्न स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वारों के निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही जल प्रदूषण समिति के गठन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र, छत्तीसगढ़ राजपत्र में 10 जून 2026 को प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार भूखंडों के लीज नवीनीकरण, फौती, नामांतरण, फ्री-होल्ड और बंधक संबंधी प्रक्रियाओं, अत्यावश्यक कार्यों के तत्काल क्रियान्वयन तथा जिला खनिज न्यास निधि, विधायक, सांसद, प्रभारी मंत्री मद और सीएसआर मद से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा की गई।

          महापौर ने अधिकारियों को दिए समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश

          बैठक में महापौर संजूदेवी राजपूत ने निगम के विकास एवं निर्माण कार्यों के साथ नागरिक सेवाओं और सुविधाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगतिरत निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं तथा निर्माण के दौरान गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। महापौर ने प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी करने और जिन कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए विभागीय कार्यप्रणाली में कसावट लाने पर जोर दिया।

          महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया एमआईसी का विस्तार, पांच नए सदस्यों को मिली जिम्मेदारी

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related