बालकनी की लोहे की ग्रिल में उतरा था बिजली का करंट, पिता को बचाने पहुंचे बेटे की भी गई जान; गंभीर रूप से घायल महिला रायपुर रेफर
बलौदाबाजार (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में बिजली के करंट ने एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान ले ली। नेहरू चौक स्थित एक मकान की बालकनी में लगी लोहे की ग्रिल में करंट फैलने से कपड़ा कारोबारी और उनके जवान बेटे की मौत हो गई। वहीं, पति और बेटे को बचाने पहुंची महिला भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह कपड़ा कारोबारी राकेश गुप्ता (45) रोजाना की तरह नींद से जागने के बाद अपने घर की बालकनी में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां लगी लोहे की ग्रिल को हाथ लगा दिया। ग्रिल में पहले से बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही उन्होंने ग्रिल को छुआ, वे करंट की चपेट में आ गए और उससे चिपक गए। पिता को करंट से चिपका देखकर उनका 24 वर्षीय बेटा ओम गुप्ता उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने पिता को ग्रिल से छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी बिजली के संपर्क में आ गया। इस दौरान दोनों गंभीर रूप से करंट की चपेट में आ गए। पति और बेटे को मुसीबत में देखकर राकेश गुप्ता की पत्नी वर्षा गुप्ता (45) भी उन्हें बचाने पहुंचीं। इस कोशिश में उन्हें भी जोरदार बिजली का झटका लगा और वह दूर जा गिरीं। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राकेश गुप्ता और उनके बेटे ओम गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वर्षा गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
11 हजार केवी की लाइन से करंट फैलने की आशंका
प्रारंभिक जांच में मकान के पास से 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजरने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि बिजली के तार से निकली चिंगारी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण मकान की बालकनी में करंट फैल गया। पुलिस के अनुसार, बालकनी में रखे सफाई के सामान का तार भी बिजली के संपर्क में आने की आशंका है, जिससे लोहे की ग्रिल में करंट उतर सकता है। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हाईटेंशन लाइन से करंट फैलने और शॉर्ट सर्किट सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।

