फर्जी खबरों के जरिए ब्लैकमेलिंग का आरोप, होटल कारोबारी गिरफ्तार, एआई से तैयार करता था आपत्तिजनक तस्वीरें

      Date:

      • न्यूज पोर्टल की आड़ में लोगों को बदनाम कर वसूली करने का आरोप, रायपुर के अपार्टमेंट से बिलासपुर पुलिस ने दबोचा; दो मोबाइल जब्त

      बिलासपुर/रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों को बदनाम करने और ब्लैकमेलिंग के जरिए पैसे वसूलने के आरोप में बिलासपुर पुलिस ने होटल कारोबारी दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह अपने न्यूज पोर्टल के माध्यम से लोगों की तस्वीरों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से आपत्तिजनक रूप में तैयार करता था। इसके बाद भ्रामक खबरें और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर संबंधित लोगों पर दबाव बनाकर उनसे रकम वसूलने की कोशिश करता था। पुलिस ने आरोपी को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

          पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी तस्वीरों के साथ एआई तकनीक के जरिए छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री तैयार की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें प्रकाशित की गईं, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान होटल कारोबारी दीपक टंडन (46) की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। लोकेशन रायपुर में मिलने पर बिलासपुर पुलिस की टीम ने 6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

          मोबाइल में मिले आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो

          गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मोबाइल फोन में कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस कथित गतिविधि में न्यूज पोर्टल से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है और कितने लोगों को इस तरह निशाना बनाया गया। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और डिजिटल सामग्री के इस्तेमाल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

          डीएसपी कल्पना वर्मा प्रकरण से भी आया था चर्चा में

          होटल कारोबारी दीपक टंडन का नाम इससे पहले तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद के कारण भी सुर्खियों में आया था। टंडन ने आरोप लगाया था कि कल्पना वर्मा ने उन्हें प्रेम संबंध में उलझाकर शादी का भरोसा दिया और उनसे करोड़ों रुपये, महंगी गाड़ी तथा कीमती आभूषण लिए। वहीं, कल्पना वर्मा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कारोबारी पर सोशल मीडिया से उनकी तस्वीरें लेकर फर्जी चैट तैयार करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि टंडन पैसे वापस नहीं कर पाने के कारण उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। इस मामले में उन्होंने कानूनी कार्रवाई की बात भी कही थी। अब फर्जी खबरों के जरिए कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके न्यूज पोर्टल की गतिविधियों और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              जज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने वाले टीआई पर गिरी गाज, एसएसपी ने किया लाइन अटैच

              बिलासपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। फैमिली कोर्ट के न्यायाधीश के खिलाफ एफआईआर दर्ज...