तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान अकवान का असर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में देर रात से रुक-रुककर बारिश होने के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम के इस बदलाव ने आम जनजीवन के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है और किसान कटाई की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन बारिश ने एक बार फिर उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इसका असर रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न इलाकों में देखने को मिल रहा है। मौसम में आए बदलाव के चलते रायपुर संभाग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार और धमतरी जिलों में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
खेतों में खड़ी फसल, किसानों की बढ़ी परेशानी
चक्रवात के प्रभाव से बलौदाबाजार जिले में भी बारिश हो रही है। यहां धान की फसल पककर तैयार है और किसान कटाई कर उपज को सुरक्षित रखने की तैयारी में थे। इससे पहले हुई बारिश के कारण खेतों में नमी बनी हुई थी, जिससे कटाई का काम प्रभावित हुआ था। पिछले कुछ दिनों से धूप निकलने के बाद खेत सूखने लगे थे और किसानों को उम्मीद थी कि अब वे जल्द फसल समेट सकेंगे। लेकिन एक बार फिर बारिश शुरू होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश होने पर खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने, कटे हुए धान के भीगने और उसकी गुणवत्ता खराब होने का खतरा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।
धान खरीदी की रफ्तार पर पड़ सकता है असर
प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो चुकी है। हालांकि, बलौदाबाजार जिले में अभी बड़ी संख्या में किसानों की फसल खेतों में ही खड़ी है। इसके चलते खरीदी केंद्रों तक धान की आवक अपेक्षाकृत कम बनी हुई है। यदि बारिश का दौर आगे भी जारी रहता है तो धान कटाई में और देरी हो सकती है। इसका सीधा असर खरीदी केंद्रों तक उपज पहुंचने की गति पर पड़ सकता है। ऐसे में निर्धारित समय के भीतर सभी किसानों की उपज खरीदी जा सकेगी या नहीं, इसको लेकर भी चिंता बढ़ने लगी है।

