आग की चपेट में आए 27 वाहन, कई लोग जलती गाड़ियों में फंसे; 39 एम्बुलेंस की मदद से चलाया गया राहत अभियान
नई दिल्ली (एजेंसी)। मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 से अधिक लोग घायल हो गए। तेल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके बाद उसमें जोरदार धमाका हुआ और आग आसपास खड़े वाहनों तक फैल गई। देखते ही देखते कई कारें और बाइक आग की चपेट में आ गईं।
हादसा काहिरा के उपनगर इम्बाबा के वाराक जिले में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग जलती गाड़ियों में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहतकर्मियों ने वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, राहत और बचाव अभियान में 39 एम्बुलेंस तैनात की गईं। घायलों को शेख जायद स्पेशलाइज्ड, इम्बाबा जनरल और वाराक सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 27 वाहन जलकर खाक हो गए। प्रशासन ने आग पर काबू पा लिया है।
राष्ट्रपति ने जताया शोक, डीएनए जांच के निर्देश
हादसे पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सीसी ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं, अभियोजन अधिकारियों ने मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच कराने के निर्देश दिए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में टैंकर के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है, लेकिन हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

