27 नवंबर को काउंसलिंग के आधार पर जारी होंगे पदस्थापना आदेश
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में संविदा शिक्षक भर्ती के लिए चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष के प्रथम तल पर किया गया। सत्यापन के लिए कुल 82 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 76 अभ्यर्थी उपस्थित हुए।
जिले के 15 स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में कुल 87 पदों पर संविदा भर्ती के लिए 29 सितंबर 2026 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) आयोजित की गई। परीक्षा का परिणाम 16 नवंबर को घोषित किया गया था। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी जिलों में 25 नवंबर को चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। कोरबा में सत्यापन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले अभ्यर्थियों का पंजीयन किया गया। इसके बाद उनकी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। आवेदन के समय ऑनलाइन जमा किए गए प्रमाण पत्रों की जांच कर उनका ऑनलाइन सत्यापन भी किया गया।
कलेक्टर के आदेशानुसार दस्तावेज सत्यापन का कार्य संयुक्त कलेक्टर तुलाराम भारद्वाज एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक राठौर के निर्देशन में संपन्न हुआ। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी तामेश्वर उपाध्याय, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक संचालक वल्लभ वैष्णव, समग्र शिक्षा के सहायक जिला परियोजना अधिकारी पवनदास मानिकपुरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 नवंबर 2026 को काउंसलिंग के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे।

