नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 135वें एपिसोड में देश की सुरक्षा, स्वदेशी तकनीक, योग, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न राज्यों की प्रेरणादायक पहल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत आज समुद्र से लेकर आसमान तक पूरी तरह सुरक्षित है और रक्षा क्षेत्र में देश लगातार आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी महीने रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन द्वारा स्वदेशी लंबी दूरी की क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया गया। वहीं ‘मेड इन इंडिया’ अभियान के तहत तैयार किए गए सी-295 विमान ने पहली सफल उड़ान भरी है। वर्तमान में देश में ऐसे 40 से अधिक विमान बनाए जा रहे हैं। योग के क्षेत्र में भारत की उपलब्धि का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार दुनिया के 2500 से अधिक स्थानों पर योग कार्यक्रम आयोजित हुए। अहमदाबाद में आयोजित विश्व योगासन चैम्पियनशिप में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 114 पदक जीते, जिनमें 102 स्वर्ण पदक शामिल हैं। पदक तालिका में भारत पहले स्थान पर रहा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों की प्रेरक कहानियां भी साझा कीं। असम में दुर्लभ ‘हरगिला’ पक्षी संरक्षण के लिए महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे ‘हरगिला आर्मी’ अभियान की सराहना की। मेघालय के जीवित रूट ब्रिज को प्रकृति और मानव के अद्भुत समन्वय का उदाहरण बताया तथा इसे यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयासों का उल्लेख किया। वहीं नगालैंड की बेबी फुटबॉल लीग और महिला फुटसल लीग को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर की खास अपील
प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र, बिहार, दिल्ली और मध्यप्रदेश की विशेष पहलों का भी उल्लेख किया। महाराष्ट्र में एक परिवार द्वारा विवाह समारोह में ग्रामीणों के लिए दुर्घटना बीमा कराने, बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय में शास्त्रार्थ परंपरा को पुनर्जीवित करने, दिल्ली की केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डेटा विज्ञान पाठ्यक्रम शुरू करने तथा मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में महिलाओं द्वारा प्लास्टिक कचरे के पुनर्चक्रण कार्य की सराहना की। अंत में प्रधानमंत्री ने आगामी गणेश उत्सव को लेकर नागरिकों से अपील की कि प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के बजाय केवल मिट्टी से बनी गणेश प्रतिमाएं खरीदें, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय कुम्हारों और कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिल सके।
मन की बात : पीएम मोदी बोले- ऑपरेशन सिंदूर हर भारतीय के लिए गर्व का प्रतीक बना

