चौक पर साइड होने की बात को लेकर हुआ विवाद, घायल युवक खून से लथपथ घर पहुंचा तो मां के उड़े होश, पुलिस तलाश में जुटी
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। यहां नशे की हालत में एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में 22 वर्षीय नरसिंहा कुमार घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी गणेश कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बांकीमोंगरा निवासी नरसिंहा कुमार घर के पास स्थित चौक पर चाय लेने गया था। वहां उसका 19 वर्षीय रिश्तेदार गणेश कुमार पहले से मौजूद था। बताया जा रहा है कि गणेश नशे की हालत में था। नरसिंहा ने उसे साइड होने के लिए कहा, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर गणेश ने कथित तौर पर जेब से चाकू निकालकर नरसिंहा पर हमला कर दिया। चाकू लगने से वह घायल हो गया। बताया गया कि शुरुआत में उसे चोट का एहसास नहीं हुआ और वह खून निकलते हुए ही घर पहुंच गया।
बेटे को खून से लथपथ देख घबराई मां
नरसिंहा के घर पहुंचने पर उसकी मां की नजर हाथ से निकल रहे खून पर पड़ी। बेटे को घायल देखकर वह घबरा गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर बांकीमोंगरा थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, घायल की हालत खतरे से बाहर है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से आरोपी गणेश कुमार फरार है। पुलिस ने धारा 109 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में नशे के कारण बढ़ते विवादों पर चिंता जताई है। उन्होंने चौक-चौराहों पर नशा कर हंगामा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

