केलो परियोजना से क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पहुँचेगा पानी, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से खेती को मिलेगी नई मजबूती
मुख्यमंत्री ने कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में की 80 लाख रुपए के सामुदायिक भवनों की घोषणा
ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में 30 लाख रुपए और नगर पंचायत पुसौर में 50 लाख रुपए की लागत से बनेगा सामुदायिक भवन
मुख्यमंत्री ने प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित, कहा – शिक्षा और प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ें युवा, प्रदेश और समाज का नाम करें रोशन
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और समृद्धि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था और संस्कृति में अन्नदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार करने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री रायगढ़ के शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

समारोह में मुख्यमंत्री ने ग्राम कोतरलिया के चंडी डोंगरी में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 30 लाख रुपये और नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के मंगल भवन के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की। कार्यक्रम में समाजजनों ने पारंपरिक गजमाला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मां रणेश्वरी रामचण्डी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कोलता समाज सहित प्रदेशवासियों को नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व नई फसल के स्वागत, किसानों के परिश्रम के सम्मान और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित प्रतिफल मिले, खेती की लागत कम हो और सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो। रायगढ़ क्षेत्र में खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए केलो परियोजना का कार्य प्रारंभ किया गया है। इससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलने, कृषि उत्पादन बढ़ने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में विकास को गति देने के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। इनका उद्देश्य अधोसंरचना को मजबूत करना और किसानों, युवाओं तथा आम नागरिकों को विकास का लाभ पहुंचाना है।
प्रतिदिन बन रहे लगभग 1,600 आवास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने का काम तेजी से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि पक्का मकान गरीब परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है। सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र परिवार आवास सुविधा से वंचित न रहे।
सुशासन और जनसेवा सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को अपनी कार्यसंस्कृति का आधार बनाकर काम कर रही है। नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्र जैसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप राज्य सरकार ने अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल में अधिकांश वादों को पूरा किया है।
नक्सलवाद के खिलाफ सफलता के बाद विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के साथ सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अब बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वालों के पुनर्वास के लिए सरकार प्रयासरत है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास के लिए 15 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार का उद्देश्य प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर देना है।
प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान, युवाओं से मेहनत करने का आह्वान
समारोह में मुख्यमंत्री ने कोलता समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, परिवार और समाज की प्रगति का सबसे सशक्त माध्यम है। युवाओं को बड़े सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उनकी प्रतिभा और उपलब्धियां परिवार, समाज तथा प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। मुख्यमंत्री ने समाज द्वारा विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की परंपरा को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे बच्चों और युवाओं में बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है।
कोलता समाज की संस्कृति और संस्कार अनुकरणीय : ओपी चौधरी
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने नुआखाई पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोलता समाज अपनी ईमानदारी, परिश्रम, सज्जनता और संस्कारों के लिए जाना जाता है। उन्होंने समाज की नई पीढ़ी को शिक्षा, रोजगार, उद्यमिता और प्रतियोगी परीक्षाओं में आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। वित्त मंत्री ने रायगढ़ क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने बेलरिया में विधायक निधि से 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन बनवाने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि साकरा में लिफ्ट सिंचाई परियोजना, पुसौर और सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय, 100 बिस्तरों का अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज तथा नालंदा परिसर जैसी सुविधाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रही हैं। लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने समाज की सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए सामाजिक उत्थान और एकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने शिक्षा और अच्छे संस्कारों को समाज की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने बच्चों को माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करने तथा जरूरतमंद लोगों को साथ लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
शिवरीनारायण में चित्रोत्पला गंगा महाआरती में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

