नई दिल्ली (एजेंसी)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) पैरामेडिकल स्टाफ के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी 8 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 7 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
भर्ती के तहत एएसआई (फार्मासिस्ट), एएसआई (एक्स-रे टेक्नीशियन) और एएसआई (लैब टेक्नीशियन) के पद भरे जाएंगे। फार्मासिस्ट पद के लिए फार्मेसी में डिप्लोमा या डिग्री, एक्स-रे टेक्नीशियन के लिए रेडियोग्राफी में दो वर्षीय डिप्लोमा तथा लैब टेक्नीशियन पद के लिए मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी) में दो वर्षीय डिप्लोमा अनिवार्य रखा गया है। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। आयु की गणना 7 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी, महिला एवं भूतपूर्व सैनिकों को शुल्क से छूट प्रदान की गई है।
सभी चरणों में मेरिट सूची जारी की जाएगी
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST), दस्तावेज सत्यापन, बेसिक वोकेशनल एप्टीट्यूड टेस्ट (BVAT) और मेडिकल परीक्षण शामिल होंगे। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों की अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद CISF की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

