कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। दार्जिलिंग में आयोजित सूर्योस्थान महोत्सव-2026 में कोरबा की युवा कथक नृत्यांगना अश्वीका साव ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल कोरबा बल्कि पूरे प्रदेश का नाम गौरवान्वित हुआ है।
नृत्यधाम कला समिति द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सांस्कृतिक महोत्सव में देशभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में अश्वीका साव ने कथक की मनमोहक और प्रभावशाली प्रस्तुति देकर दर्शकों एवं निर्णायकों को प्रभावित किया। उनकी प्रस्तुति में लखनऊ घराने की कथक शैली की सुंदरता, भावाभिव्यक्ति, लयबद्धता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट समन्वय देखने को मिला, जिसकी निर्णायकों ने विशेष सराहना की। अश्वीका साव वर्तमान में डीपीएस एनटीपीसी की कक्षा आठवीं की छात्रा हैं। कम उम्र में ही उन्होंने कथक नृत्य के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अपनी अलग पहचान बनाई है। उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और कला के प्रति समर्पण ने उन्हें यह सफलता दिलाई है। अश्वीका की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, गुरुजनों, विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

