29-30 नवंबर को देशव्यापी बंद, इससे पहले 27-28 नवंबर को मशाल जुलूस, पार्टी ने सरकार के सामने रखीं आठ मांगें
ढाका (एजेंसी)। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश वापसी की इच्छा जताने के बाद देश में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। उनकी पार्टी अवामी लीग ने सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करते हुए 29 और 30 नवंबर को 48 घंटे के देशव्यापी लॉकडाउन का ऐलान किया है। इससे पहले 27 और 28 नवंबर को मशाल जुलूस निकाले जाएंगे।
हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री विजय दिवस के अवसर पर भारत से बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान की व्यवस्था करने की मांग की है। हालांकि, बांग्लादेश सरकार का कहना है कि उनकी वापसी प्रत्यर्पण प्रक्रिया के तहत ही संभव है। अदालत उन्हें उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुना चुकी है। इस बीच शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में अवामी लीग के जुलूस को लेकर विवाद के बाद झड़पें हुईं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कच्चे बम फेंके गए और करीब 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। घटनाओं में लगभग 30 लोग घायल हुए हैं।
पार्टी ने सरकार से शेख हसीना और नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने, अवामी लीग पर लगा प्रतिबंध हटाने और जेल में बंद नेताओं को रिहा करने की मांग की है। इसके अलावा महंगाई कम करने, बंद उद्योगों को शुरू करने, बेरोजगारों को रोजगार देने और महिलाओं, बच्चों एवं अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी शामिल है। अवामी लीग ने पत्रकारों और अधिकारियों के खिलाफ कथित झूठे मुकदमे वापस लेने, प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने तथा आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई है। फिलहाल शेख हसीना की वापसी और अवामी लीग के आंदोलन को लेकर बांग्लादेश का राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। अब सबकी नजरें सरकार के अगले कदम और नवंबर के आखिरी दिनों में प्रस्तावित आंदोलन पर टिकी हैं।
शेख हसीना की वापसी के दावे पर बांग्लादेश में सियासी भूचाल, सरकार बोली- हथकड़ी लगाकर ही लौटना होगा

