मुख्यमंत्री ने भिलाई में श्रीराम कथा का किया श्रवण, संत चिन्मयानंद बापू से लिया आशीर्वाद
श्रीरामलला दर्शन योजना से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित, प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं प्रकाश पर्व की दी शुभकामनाएं
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्रीराम कथा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथावाचक पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्रीराम कथा का श्रवण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरु नानक देव जी की जयंती प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री साय ने माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में संत चिन्मयानंद बापू जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में पिछले आठ दिनों से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूज्य बापू जी के श्रीमुख से रामकथा का श्रवण करने का अवसर मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से गहरा आध्यात्मिक और भावनात्मक संबंध रहा है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया था। प्रदेश में अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जो उनके वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं।
मुख्यमंत्री ने राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता है कि प्रभु श्रीराम और माता सीता ने अपने हाथों से यहां शिवलिंग की स्थापना की थी। वहीं चंदखुरी में माता कौशल्या का मंदिर स्थित है। राम वन गमन पथ से जुड़े अनेक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, जीवन आनंद फाउंडेशन के अध्यक्ष विनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
रामलला दर्शन योजना से 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने से छत्तीसगढ़वासियों में विशेष हर्ष और गौरव का भाव है। छत्तीसगढ़ के लोग प्रभु श्रीराम को अपना भांजा मानते हैं। इसी आस्था और भावनात्मक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार द्वारा श्रद्धालुओं को अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन कराने के लिए श्री रामलला दर्शन योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। प्रत्येक सप्ताह अंबिकापुर, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग से विशेष ट्रेन के माध्यम से लगभग 850 श्रद्धालुओं को अयोध्या ले जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जा रहे हैं।
जनवरी 2027 में रायपुर में होगी श्रीराम कथा
मुख्यमंत्री साय ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पूर्व में आयोजित श्रीराम कथा का स्मरण करते हुए कहा कि पूज्य संत चिन्मयानंद बापू जी का स्नेह और आशीर्वाद निरंतर छत्तीसगढ़ को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने प्रभु श्रीराम और माता सीता से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

