सरकार पहुंच रही नागरिकों के द्वार, शिविरों में मिल रहा योजनाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान : मंत्री लखनलाल देवांगन

      Date:

      • बालको जोन में आयोजित शिविर में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने हितग्राहियों को बांटे सहायता राशि के चेक और आवास आवंटन पत्र

      कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा बालको जोन कार्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी और उनकी समस्याएं सुनीं।

          सरकार आपके द्वार

          उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करना है। शिविरों के माध्यम से लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। शासन स्वयं नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी, तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक और महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

          सरकार आपके द्वार

          मंत्री ने बताया कि जिला खनिज न्यास के माध्यम से कोरबा जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों तथा पुल-पुलियों सहित अनेक विकास कार्यों को गति मिली है। बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी स्वीकृति दी गई है। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत कार्यों में तेजी आएगी। शहर में प्रस्तावित अंडरब्रिज निर्माण से जुड़ी तकनीकी बाधाएं दूर हो चुकी हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से पात्रतानुसार शासकीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि प्रदेश सरकार सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने भी नागरिकों से शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने का आग्रह किया।

          287 श्रमिक परिवारों को 57.40 लाख रुपये की सहायता

          शिविर में श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से 287 हितग्राहियों को कुल 57 लाख 40 हजार रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना और असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के लाभार्थियों को चेक प्रदान किए। मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के अंतर्गत 233 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की दर से कुल 46 लाख 60 हजार रुपये दिए गए। वहीं असंगठित कर्मकार महतारी जतन योजना के तहत 54 हितग्राहियों को 20-20 हजार रुपये की दर से कुल 10 लाख 80 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस राशि से पात्र श्रमिक परिवारों को अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने में मदद मिलेगी।

          बुजुर्ग को श्रवण यंत्र, राजकुमारी को मिला पक्के घर का सहारा

          ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर में जरूरतमंद हितग्राहियों को सहायता मिलने से उनके चेहरों पर खुशी देखने को मिली। वयोवृद्ध दीनबंधु चौबे को समाज कल्याण विभाग की ओर से श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। इससे उन्हें सुनने और लोगों से बातचीत करने में सुविधा मिलेगी। वहीं बालको के नेहरू नगर निवासी राजकुमारी यादव को प्रधानमंत्री आवास योजना के ‘मोर मकान मोर चिन्हारी’ घटक के तहत दादरखुर्द में निर्मित आवास का आवंटन पत्र सौंपा गया। पक्का मकान मिलने से उनके परिवार को सुरक्षित और स्थायी आशियाना उपलब्ध होने का रास्ता खुला है। राजकुमारी यादव ने इस सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया।

          कई योजनाओं के हितग्राही हुए लाभान्वित

          शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण की स्वीकृति और आवास आवंटन पत्र वितरित किए गए। पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना के चेक, श्रम विभाग की महतारी जतन योजना के तहत सहायता राशि तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय पेंशन योजना के अंतर्गत वृद्धावस्था पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। जरूरतमंदों को वॉकिंग स्टिक, व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र भी दिए गए। कार्यक्रम में महापौर संजूदेवी राजपूत, निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, हितानंद अग्रवाल, सत्येंद्र जोशी, कृपाराम साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित यह शिविर शासन की योजनाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

          संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू, मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया शुभारंभ

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related