रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने राहुल गांधी के आगमन को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के बयान के बाद दोनों दलों के नेताओं के बीच राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है।
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है और अगले दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा।” उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में लेन-देन और भ्रष्टाचार की राजनीति लंबे समय से चल रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी शायद छत्तीसगढ़ आकर पदाधिकारियों को “आलू से सोना बनाने” जैसी बातें सिखाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भगवान राम को काल्पनिक बताने वाले राहुल गांधी अब भगवान राम के ननिहाल माने जाने वाले छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रदेश में स्वागत है।
कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने किया पलटवार
भाजपा विधायक के बयान पर कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से असंतुलित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब उन्हें इलाज की जरूरत है और अगर भाजपा उनका इलाज नहीं करा पा रही है तो कांग्रेस इसके लिए भी तैयार है। विकास उपाध्याय ने कहा कि एक बार विधायक बनने के बाद पुरंदर मिश्रा केवल अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर लगातार विपक्ष के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
21 जून को रायपुर पहुंचेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी 21 जून को रायपुर पहुंचेंगे और लगभग साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण शिविर में मौजूद रहेंगे। इस दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।

