छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावलों को मिलेगी वैश्विक पहचान, स्पेन में निर्यात को लेकर हुई अहम चर्चा

      Date:

      • कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में बार्सिलोना पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने अंतरराष्ट्रीय संस्था के साथ की बैठक; जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ चावल की ब्रांडिंग पर जोर

      रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। धान के कटोरे के रूप में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और अन्य विशिष्ट कृषि उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नई पहचान दिलाने की तैयारी है। इस दिशा में स्पेन के बार्सिलोना में महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रदेश के कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, निर्यात और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने को लेकर व्यावसायिक चर्चा की।

          मंत्री रामविचार नेताम

          बार्सिलोना में प्रतिनिधिमंडल की फिरा बार्सिलोना संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ बैठक हुई। इसमें कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी और संचालक कृषि राहुल देव भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारत के काउंसिल जनरल की अधिकारी आर्स निसार भी उपस्थित थीं। बैठक में छत्तीसगढ़ के विशिष्ट कृषि उत्पादों की वैश्विक पहचान मजबूत करने, अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में सहभागिता, निर्यात की संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।

          https://dprcg.gov.in/post/1795674540/New-global-market-avenues-for-Chhattisgarh’s-agricultural-products

          जीराफूल और नगरी दुबराज सहित खास चावलों की होगी ब्रांडिंग

          बैठक में संस्था के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर जवाफूल, जीराफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक सुगंधित चावलों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों के माध्यम से प्रचारित करने में सहयोग की बात कही। फिरा बार्सिलोना संस्था भारत सहित विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंचों तक पहुंचाने का कार्य करती है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

          किसानों और कृषि उद्यमियों को मिलेंगे नए अवसर

          इस पहल से प्रदेश के किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए विशेष पहचान रखते हैं। इनमें जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) भी प्राप्त है। इन उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर ब्रांडिंग होने से किसानों को अपनी विशिष्ट उपज का उचित मूल्य मिलने और पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

          2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य

          मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत व्यवस्थाओं का विस्तार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन ने निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। बार्सिलोना में हुई यह चर्चा इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अंतरराष्ट्रीय विपणन, गुणवत्ता मानकों, आधुनिक पैकेजिंग और निर्यात आधारित कृषि को बढ़ावा मिलने से प्रदेश के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिल सकती है। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related