गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की, मुख्यमंत्री ने लंगर में ग्रहण किया प्रसाद
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरु नानक देव जी की जयंती के अवसर पर गुरुद्वारा श्री सिंह सभा, सेक्टर-6 भिलाई में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाया तथा छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धाभाव से लंगर में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया।
मुख्यमंत्री साय ने प्रकाश पर्व समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर यहां एकत्रित होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। इस अवसर पर पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को हम सभी प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के सभी बंधुओं, माताओं-बहनों एवं युवा साथियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन हम सभी को निरंतर मिलता रहे।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, प्रेम प्रकाश पांडेय, संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया दुर्ग रेंज के नवीन साइबर थाना भवन का लोकार्पण

