अधूरे कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश, इंटीरियर, शेड और आधुनिक सुविधाओं पर दिया जोर
कोरबा (AkhandBharatHNKP.Com)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऑडिटोरियम के शेष निर्माण कार्य, इंटीरियर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और महाविद्यालय को जल्द इस आधुनिक सुविधा का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मंच, बैठक व्यवस्था, प्रकाश एवं ध्वनि प्रणाली, इंटीरियर डिजाइन तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की स्थापना को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑडिटोरियम को सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, जिससे यहां शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन किया जा सके। कलेक्टर ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय से कॉलेज की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों की आवश्यकताओं, ऑडिटोरियम की उपयोगिता तथा महाविद्यालय की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने आवश्यक समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम के अधिकारी, महाविद्यालय प्रबंधन तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने पीजी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित एस्ट्रोटर्फ मैदान तथा ऑडिटोरियम के शेष कार्यों के लिए चल रही निविदा प्रक्रिया की जानकारी दी। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन और नगर निगम के अधिकारियों को सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं समय पर पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बनेंगे शेड और कंक्रीट मार्ग
कलेक्टर ने ऑडिटोरियम परिसर के बाहर पर्याप्त शेड निर्माण, प्रवेश द्वार से सीढ़ियों तक शेड लगाने तथा पूरे मार्ग का कंक्रीटीकरण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश और धूप के दौरान विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा परिसर में सुरक्षित और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अवारा मवेशियों को पकडऩे के साथ- साथ मालिकों से वसूला जाएगा जुर्माना : कलेक्टर दुदावत

