प्रधानमंत्री मोदी ने तोड़ा पंडित नेहरू का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष पूरे

      Date:

      नई दिल्ली (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की राजनीति में एक नया इतिहास रच दिया है। उनके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूरे कर लिए हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी स्वतंत्र भारत में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।

          पंडित जवाहरलाल नेहरू चुनाव जीतकर 4,398 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहे थे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने निर्वाचित कार्यकाल का 4,399वां दिन पूरा करते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशभर में विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नई दिल्ली के भारत मंडपम में एनडीए की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें गठबंधन के सभी प्रमुख दलों के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विभिन्न क्षेत्रीय दलों के अध्यक्ष तथा गठबंधन के प्रमुख नेता शामिल हुए। एनडीए के 35 सहयोगी दलों के लगभग 75 वरिष्ठ नेताओं ने बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा तथा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा तेलुगु देशम पार्टी के के. राम मोहन नायडू, जनता दल (यूनाइटेड) के राजीव रंजन सिंह, जनता दल (सेक्युलर) के एच.डी. कुमारस्वामी और अपना दल (सोनेलाल) की अनुप्रिया पटेल भी बैठक में शामिल हुए।

          विकसित भारत के रोडमैप पर मंथन

          बैठक में वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ईज ऑफ लिविंग, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, बुनियादी ढांचा विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। विशेष रूप से उन राज्यों में विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई, जहां केंद्र और राज्य में एक ही गठबंधन की सरकारें कार्यरत हैं।

          प्रधानमंत्री की उपलब्धियों पर लाया जाएगा प्रस्ताव

          बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उपलब्धियों की सराहना करते हुए विशेष बधाई प्रस्ताव प्रस्तुत किए जाने की जानकारी है। इस प्रस्ताव का समर्थन नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो करेंगे। प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए नेताओं को संबोधित कर आगामी वर्षों के विकास एजेंडे, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लक्ष्यों पर अपने विचार रखेंगे।

          भविष्य की योजनाओं पर रहेगा जोर

          हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा था कि सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ भविष्य के लक्ष्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए। माना जा रहा है कि एनडीए की यह बैठक आगामी राजनीतिक और विकासात्मक रणनीतियों को अंतिम रूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।

              Share post:

              Popular

              More like this
              Related

              आत्मानंद और विवेकानंद स्कूलों में 5 हजार पदों पर होगी भर्ती, राज्य स्तरीय परीक्षा के जरिए होगा चयन

              रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम (सेजस)...