71 पार्षद सीटों में भाजपा आगे, जगदलपुर में प्रदेश अध्यक्ष के करीबी प्रत्याशी को हार; परिणामों के साथ आचार संहिता समाप्त
रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनावों के नतीजे गुरुवार को घोषित कर दिए गए। अध्यक्ष पद के पांच मुकाबलों में भाजपा ने तीन और कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं 71 पार्षद पदों के चुनाव में भाजपा को 39, कांग्रेस को 30 तथा दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों को सफलता मिली।

भाजपा ने बम्हनीडीह (जांजगीर-चांपा), शिवनंदनपुर (सूरजपुर) और सहसपुर लोहारा (कबीरधाम) में अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। दूसरी ओर कांग्रेस ने पलारी और घुमका में जीत हासिल कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र सौंपे गए और निर्वाचन क्षेत्रों में लागू आदर्श आचार संहिता समाप्त कर दी गई।
नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस का दबदबा
नगर निगम उपचुनावों में कांग्रेस ने बिलासपुर और जगदलपुर में जीत हासिल कर अपने परंपरागत जनाधार को बरकरार रखा। जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोहर दत्त तिवारी को 436 मतों से पराजित किया। मनोहर दत्त तिवारी को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव का करीबी माना जाता है। इसी तरह बिलासपुर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 29 (संजय गांधी नगर) में कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने भाजपा के मधुसूदन राव को 1062 मतों के अंतर से हराया।
जगदलपुर में कांग्रेस ने कायम रखा 30 वर्षों का रिकॉर्ड
इंदिरा वार्ड को कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता है। पिछले तीन दशकों से इस वार्ड में कांग्रेस का कब्जा बना हुआ है। उपचुनाव में भी पार्टी ने अपनी परंपरा को बरकरार रखते हुए जीत दर्ज की। यह सीट कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद रहे अब्दुल रशीद के निधन के बाद रिक्त हुई थी। अब्दुल रशीद लगातार चार बार पार्षद चुने गए थे, जबकि उनकी माता भी दो बार इस वार्ड का प्रतिनिधित्व कर चुकी थीं। उपचुनाव में कुल 1,223 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
बिलासपुर में भी कांग्रेस ने बचाया अपना गढ़
बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 में भी कांग्रेस का लंबे समय से प्रभाव रहा है। पिछले करीब 40 वर्षों से इस वार्ड में कांग्रेस को लगातार जीत मिलती रही है। इस बार भी कांग्रेस प्रत्याशी शेख आजम ने जीत दर्ज कर पार्टी की परंपरा को कायम रखा। यह सीट पूर्व पार्षद शेख असलम के निधन के बाद रिक्त हुई थी। इससे पहले भी इस वार्ड में हुए उपचुनाव में कांग्रेस को सफलता मिली थी। 1 जून को हुए मतदान में 5,255 मतदाताओं में से 3,665 ने मतदान किया था। त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव में वार्ड पंच, सरपंच और जनपद सदस्य के कुल 151 पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। चुनाव आयोग ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण-पत्र जारी कर दिए हैं।

