रायपुर (AkhandBharatHNKP.Com)। राजधानी रायपुर स्थित क्वींस क्लब ऑफ इंडिया को आधुनिक हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने क्लब के विकास, संचालन और रख-रखाव के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत एजेंसी नियुक्त करने की योजना बनाई है। प्रस्तावित परियोजना से रायपुर को राष्ट्रीय स्तर के प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी एवं स्वास्थ्य केंद्र के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के तहत क्लब परिसर में टेनिस कोर्ट, स्क्वैश कोर्ट, जिम, स्विमिंग पूल, बैडमिंटन हॉल, बिलियर्ड रूम और टेबल टेनिस हॉल जैसी अत्याधुनिक खेल एवं फिटनेस सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही मौजूदा अधोसंरचना का व्यापक नवीनीकरण और आधुनिकीकरण भी किया जाएगा। वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह परियोजना रायपुर को एक प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और शहरी अधोसंरचना को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्लब की विशेष सदस्यता योजना के तहत सांसदों और विधायकों के 108 सदस्यों की सुविधाएं पूर्ववत बनी रहेंगी।
25 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव
गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि परियोजना को लाइसेंस, डेवलप, ऑपरेट एवं ट्रांसफर (LDOT) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। योजना के तहत टेनिस कोर्ट क्षेत्र के रिक्त भूभाग पर लगभग 61 कमरों वाला आधुनिक हॉस्पिटैलिटी एवं आवासीय ब्लॉक भी बनाया जाएगा। इस परियोजना में करीब 25 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है। उन्होंने बताया कि परियोजना की लाइसेंस अवधि 20 वर्ष होगी, जिसे आवश्यकता अनुसार 10 वर्ष तक बढ़ाया जा सकेगा। बेहतर सड़क संपर्क और शहर के प्रमुख क्षेत्रों से आसान पहुंच के कारण यह परियोजना निवेशकों और उपयोगकर्ताओं दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।

